जानिए कौन है गुंजा कपूर, शाहीन बाग प्रदर्शन में पहुंची थी बुर्के में कैमरा छुपाकर, PM मोदी भी करते हैं फॉलो

दिल्ली के शाहीन बाग में धरना स्थल पर उस वक्त हंगामा मच गया। जब एक संदिग्ध महिला को बुर्के में वीडियो बनाते वक्त धरना दे रही महिलाओं ने पकड़ लिया। दरअसल, बुर्का पहनी यह महिला प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच बैठकर उनसे कुछ सवाल कर रही थी। तभी प्रदर्शनकारी महिलाओं को उस पर शक हुआ और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से कैमरा निकला। बस इसी बात पर वहां हंगामा होने लगा।
इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने संदिग्ध महिला की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम गुंजा कपूर है, जो अपना एक यूट्यूब चैनल चलाती है। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। बता दें कि गुंजा कपूर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर फॉलो करते हैं। खुद गुंजा कपूर ने इस बात का खुलासा किया है। गुंजा ने अपने एक ट्वीट में लिखा है कि नए साल के मौके पर पीएम मोदी ने मुझे फॉलो किया। ये मेरा नए साल का गिफ्ट है।
वहीं, धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि गुंजा कपूर नाम की महिला बुर्के में कैमरा लगाकर वीडियो बना रही थी। उसके पास इस का जवाब नहीं था कि वो बुर्का पहनकर वहां क्यों आई और छुपकर वीडियो क्यों बना रही थी। पुलिस ने अभी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। बता दें कि बीते शनिवार को शाहीन बाग इलाके में एक शख्स ने गोली चला दी थी। पुलिस ने आरोपी को उसी वक्त हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद अब आम आदमी पार्टी के साथ कपिल गुज्जर के फोटो सामने आ रहे हैं।