दिल्ली: जश्न के माहौल के बीच आम आदमी पार्टी में छाया मातम, इस नेता की हुई हत्या

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर आ गई। नेता, कार्यकर्ता सब खुशी से झूम उठे। लेकिन ये खुशी किसी को नगार गुजरी और मातम में बदल गई। बता दें कि महरौली से नवनिर्वाचित आम आदमी पार्टी विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमले से हड़कंप मचा हुआ है। इस हमले में गोली लगने से कार में मौजूद अशोक मान नाम के कार्यकर्ता की मौत हो गई और अन्य कार्यकर्ता हरेंद्र के पेट में गोली लगी, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की मानें तो यह आपसी रंजिश है इसका राजनीति से कोई तालुल्क नहीं है। डीसीपी इंगित प्रताप सिंह के मुताबिक, हमले में एक ही शख्स शामिल था और उसके निशाने पर AAP विधायक नरेश यादव नहीं थे। हमलावर ने टारगेट करके अशोक मान पर हमला किया था, जिसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हमला मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। हमले की सूचना लोगों को AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के ट्वीट से मिली। उन्होंने लिखा था- ‘महरौली के विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला। अशोक मान की सरेआम हत्या। ये है दिल्ली में कानून का राज। दरअसल, चुनाव जीतने के बाद नरेश यादव महरौली इलाके में स्थित बाबा लटूरिया मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय वसंत कुंज के फोर्टिस हॉस्पिटल के पास उनके काफिले पर बाइक से आए एक युवक ने गोली चला दी। बताया जाता है कि वह ओपन कार में थे। फायरिंग में नरेश यादव तो बच गए, लेकिन कार में मौजूद अशोक मान को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मान पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच कर रही है कि हमलावर ने नरेश यादव को मारने के इरादे से हमला किया था या मान निशाना थे।