दिल्ली विधानसभा चुनाव: पूर्ण बहुमत के बाद भी AAP की जीत अधूरी!, AAP के लिए आई बुरी ख़बर

दिल्ली विधानसभा चुनावों में जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है। वैसे-वैसे जश्न और हार का दुख भी खूब देखने को मिल रहा है। दिल्ली की सातवीं विधानसभा की तस्वीर स्पष्ट होती जा रही है। शुरुआती रुझानी और एग्जिट पोल लगभग-लगभग समान ही नजर आ रहे हैं। यह स्पष्ट हो चुका है कि दिल्ली की जनता ने तीसरी बार केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनने का जनादेश दिया है। लोगों को अब इंतजार अंतिम परिणामों का है। ऐसे में हम आपको उन सीटों का ताजा हाल बता रहे हैं जहां से केजरीवाल मंत्रिमंडल के चेहरे चुनावी मैदान में उतरे थे।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर मैदान में थे। केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी से सुनील यादव और कांग्रेस से रोमेश सबरवाल किस्मत आजमा रहे थे। नई दिल्ली में केजरीवाल को टक्कर देने के लिए कुल 27 उम्मीदवार उतरे थे। पांच राउंड की गिनती के बाद अरविंद केजरीवाल को कुल 17756 वोट मिले जबकि उनके नजदीकी उम्मीदवार सुनील यादव को 7941 वोट ही मिले।
पटपड़गंज सीट से दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तीसरी बार चुनाव मैदान में थे। यहां से बीजेपी के रविन्द्र सिंह नेगी और कांग्रेस से लक्ष्मण रावत मैदान में थे। शुरुआती रुझानों में मनीष सिसोदिया बढ़त बनाए हुए थे लेकिन बीजेपी उम्मीदवार उन्हें कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं। 7 राउंड की गिनती के बाद मनीष सिसोदिया को 34222 वोट मिले जबकि रविन्द्र नेगी को 35081 वोट मिले। सिसोदिया इस सीट पर काफी लंबे समय से पीछे ही चल रहे हैं।