दिल्ली विधानसभा चुनाव: पोलिंग बूथ पर महिला कांग्रेस उम्मीदवार ने AAP कार्यकर्ता को जड़ा थप्पड़, देखें VIDEO

दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान मजनूं का टीला स्थित पोलिंग बूथ पर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के बीच झड़प हो गई। मतदाता केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में AAP कार्यकर्ता वहीं मौजूद थे। पोलिंग बूथ के बाहर खड़ीं अलका लांबा किसी से बात कर रही थीं, तभी एक शख्स उनसे बार-बार यह पूछ रहा था कि ’22 साल का लड़का किसका है, यह तो बता दो एक बार।’ इस पर गुस्से में आकर चांदनी चौक से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने थप्पड़ मारने का प्रयास किया। हालांकि, शख्स के पीछे हट जाने से थप्पड़ नहीं पड़ा। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
#WATCH Delhi: Scuffle breaks out between AAP and Congress workers near Majnu ka Teela, Congress candidate Alka Lamba tries to slap an AAP worker. AAP leader Sanjay Singh has said the party will complain to Election Commission. #DelhiElections2020 (note: abusive language) pic.twitter.com/l5VriLUTkF
— ANI (@ANI) February 8, 2020
वहां मौजूद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता के बीच गहमा-गहमी देखने को मिली। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पार्टी के नेता संजय सिंह ने मारपीट की घटना की शिकायत चुनाव आयोग से करने को कहा है। गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 11 बजे तक 6.96% मतदान हुआ है। ख़बर के मुताबिक 10 बजे तक 4.33%, मतदान हुआ जबकि 9 बजे तक 3.02% मतदान हुआ था।
मतदान शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने अपने परिवार के साथ पहुंचकर वोट डाला है। इसके अलावा जस्टिस आर भानुमति, बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा ने भी मतदान किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव में इन तीनों दलों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। दिल्ली में कुल 70 विधानसभा सीटें हैं। इस चुनाव में 672 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली के करीब 1.47 करोड़ मतदाता आज तय करेंगे कि दिल्ली पर किसका राज होगा। चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।