फैंस के दबाव के बाद धोनी के संन्यास पर यूवी ने तोड़ी चुप्पी, VIDEO जारी कर दिया ये रिएक्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त की शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। जिसके बाद चारों ओर से माही को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं आ रही हैं। ऐसे में धोनी के प्रशंसक सोशल मीडिया पर युवराज सिंह का कोई संदेश न देख हैरान थे। फैंस लगातार लिख रहे थे कि माही के संन्यास पर उन्हें (युवी) एक पोस्ट तो करना चाहिए था।
आखिरकार धोनी के संन्यास पर यूवी ने चुप्पी तोड़ ही दी और रविवार रात उन्होंने सोशल मीडिया पर धोनी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मैदान पर माही के साथ की यादगार तस्वीरों वाला वीडियो शेयर किया। 58 सेकेंड के इस संगीतमय वीडियो में दोनों की क्रिकेट के दिनों की जुगलबंदी देखते ही बन रही है।
युवराज ने लिखा, ‘बधाई एमएस धोनी (@msdhoni) महान करियर पर! हमारे देश के लिए 2007 और 2011 वर्ल्ड कप ट्रॉफियां एक साथ उठाने का आनंद लिया। और मैदान पर हमारी कई साझेदारियां। भविष्य के लिए आपको मेरी शुभकामनाएं।’
Congratulations @msdhoni on a great career! Enjoyed lifting the 2007 and 2011 WC trophies together for our country and our many partnerships on the field. My best wishes to you for the future 👍 pic.twitter.com/2g3tgTsLfn
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) August 16, 2020
युवराज और धोनी वर्षों से भारतीय मध्यक्रम की रीढ़ थे, दोनों ने कई मौकों पर टीम को जीत दिलाई। धोनी और युवराज ने वनडे इंटरनेशनल में एक जोड़ी के रूप में 3,000 से अधिक रन बनाए, जिसका एवरेज 52 के करीब है। इस जोड़ी ने 50 ओवरों के प्रारूप में सौ रनों से ज्यादा की 10 साझेदारियां कीं। वहीं, दूसरी तरफ, युवराज सिंह ने सुरेश रैना को भी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। 33 साल के रैना ने भी रविवार को ही माही के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।
युवी ने लिखा- सुरेश ब्वॉय! मुझे लगा आप में कुछ ज्यादा ही है! लेकिन फिर भी तुमने भारत के लिए महत्वपूर्ण समय में कुछ अहम पारियां खेली हैं। विशेष रूप वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमारी बड़ी साझेदारी! अच्छा दोस्त… तुम्हारे लिए शानदार आईपीएल हो।