भूषण कुमार की पत्नी ने सोनू निगम पर किया पलटवार, कहा-“अहसान फरामोश हैं कुछ लोग”
सोनू निगम और भूषण कुमार का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अब भूषण कुमार की पत्नी दिव्या खोसला कुमार इस विवाद में कूद पड़ी हैं। उन्होंने सोनू निगम पर पलटवार करते हुए उन्हें अहसान फरामोश बताया है और याद दिलाया है कि टी-सीरीज ने ही उन्हें ब्रेक दिया था। दरअसल, सोनू निगम ने एक नया वीडियो जारी कर भूषण कुमार को चेतावनी दी है।
दिव्या कुमार खोसला ने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि “आज सबकुछ इस बारे में है कि कौन कितना अच्छा अभियान चला सकता है। यहां तक कि मैं लोगों को झूठ बेचते और अपने स्ट्रॉन्ग कैंपेन के जरिए छल करते देख रही हूं। सोनू निगम उस तरह के इंसान है, जो यह बखूबी जानते हैं कि लोगों के दिमाग से कैसे खेलना है। भगवान दुनिया को बचाए।” दिव्या ने आगे लिखा, “सोनू निगम जी, टी-सीरीज ने आपको इंडस्ट्री में ब्रेक दिया। आपको इतना आगे बढ़ाया। अगर आपको इतनी ही खुंदस थी भूषण से तो पहले क्यों नही बोले। आज पब्लिसिटी के लिए क्यों कर रहे हैं। आपके पिताजी के खुद मैंने इतने वीडियो डायरेक्ट किए, जिसके लिए वो हमेशा इतने शुक्रगुजार रहते थे। लेकिन कुछ लोग अहसान फरामोश होते हैं।”
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या ने बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में चल रहे नेपोटिज्म के विवाद को फिर से हवा दे दी है। दरअसल, सोनू निगम ने गुरुवार को सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या ने बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में चल रहे नेपोटिज्म के विवाद को फिर से हवा दे दी है। सोनू निगम ने गुरुवार को अपने वीडियो में बताया था कि कैसे पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री सिर्फ दो म्यूजिक कंपनियों के इशारे पर काम करती है और म्यूजिक इंडस्ट्री में माफिया काम करते हैं।
अब सोनू ने अपने नए वीडियो में कहा था कि ‘लातों के भूत बातों से नहीं मानते। मैंने किसी का नाम नहीं लिया और बड़े प्यार से कहा था कि आप लोग नए लोगों के साथ में प्यार से रहें। सुसाइड हो जाने के बाद में रोने से अच्छा है कि माहौल को पहले सुधार लिया जाए। लेकिन माफिया हैं, वो तो माफिया की तरह ही काम करेंगे। तो उन्होंने 6 महान लोगों को बोला है कि वो मेरे खिलाफ इंटरव्यू दें। मैंने किसी का नाम नहीं लिया था लेकिन मेरा नाम लिया जा रहा है।’
सोनू ने आगे कहा कि ‘इनमें से कुछ तो ऐसे हैं जो मेरे काफी नजदीकी हैं और पिछले लंबे समय से वह मुझसे इसी बारे में बात करता नजर आ रहा है। लेकिन अब उन्हें कुछ और बोलना पड़ रहा है। उनमे से एक का सगा भाई है, जिसने डेढ़ साल पहले अपने ट्विटर पर ये लिखा था। (यहां सिंगर अरमान मलिक का ट्वीट दिखाया जाता है)। कि अगर म्यूजिक इंडस्ट्री में एकता होती तो सीन कुछ और ही होता।’