राजधानी खुली, लेकिन कई जगह अभी भी बंद, जानिए क्या-क्या है बंद?

देश में कोरोना काल चल रहा है। इसी बीच सरकार ने लॉकडाउन की समय सीमा को आगे बढ़ाते हुए कुछ रियायतें भी दी थी। जिसे लोग अनलॉक का भी नाम दे रहे हैं। 25 मार्च के बाद आज वो दिन है, जब पूरा देश लगभग खुल गया है। बाजार से लेकर मंदिर-मस्जिद और मॉल से लेकर रोस्टोरेंट तक आज से खोल दिए गए हैं। केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के बाद राज्य सरकारों ने अनलॉक लागू कर दिया है। हालांकि, कुछ प्रदेशों में अभी भी पाबंदी जारी है। राजधानी दिल्ली में बॉर्डर से लेकर बाजार तक सब खोल दिये गए हैं लेकिन कुछ स्थल अभी भी यहां बंद रखे गये हैं।
केंद्र ने राज्य सरकारों को भी छूट देने के अधिकार दिए थे। सरकार ने कहा था कि कंटेनमेंट जोन में सख्ती जारी रहेगी लेकिन जहां परिस्थितियां बेहतर है वहां जन-जीवन सामान्य होगा। इसी के मद्देनजर बस, टैक्सी सेवा समेत धार्मिक स्थल, बाजार, मॉल, सैलून जैसी अन्य सेवाएं खोलने की इजाजत दी गई थी।
दिल्ली सरकार ने भी केंद्र की इन गाइडलाइंस का पालन करते हुये कई चीजें खोलने का ऐलान किया है। बस और टैक्सी सेवा यहां पहले से ही चल रही है। आज से दिल्ली में मंदिर-मस्जिद भी खुल गए हैं। इसके अलावा मॉल, बाजार, रेस्टोरेंट भी खोल दिये गये हैं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जो केंद्र की छूट के बावजूद भी नहीं खोली गई हैं।
केंद्र सरकार की तरफ से होटल और बैंक्वेट हॉल भी शर्तों के साथ खोलने की इजाजत दी गई है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इन पर पाबंदी जारी रखी है। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र की गाइडलाइंस के हिसाब से मॉल, रेस्टोरेंट और धार्मिक स्थल खोले जा रहे हैं, लेकिन होटल और बैंक्वेट हॉल अभी भी बंद रहेंगे। केजरीवाल ने बताया कि होटल और बैंक्वेट हॉल इसलिये बंद रखे गये हैं क्योंकि आने वाले वक्त में इन्हें अस्पताल के रूप में इस्तेमाल करना पड़ सकता है।