लॉकडाउन: इकट्ठा होकर नमाज पढ़ने से किया मना, तो पुलिस पर जानलेवा हमला, 6 पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल

देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साथ ही डॉक्टर्स और पुलिस की टीम पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दो थाना क्षेत्रों में नमाजियों ने पुलिस पर पथराव किया। इस हमले में दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खैरीघाट थाने के तेलियानपुरवा में शुक्रवार को दोपहर लॉकडाउन का उल्लंघन कर मौलवी समेत नौ लोगों ने मस्जिद में जुमे की नमाज अता की। इसी दौरान लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने निकले उपनिरीक्षक विनोद सिंह, गजेन्द्र पांडेय पुलिस बल के साथ मस्जिद के पास पहुंचे और नमाजियों से पूछताछ करने लगे। जिस पर नमाजी पुलिस से भिड़ गए, और पुलिस टीम पर डंडों से हमला कर दिया, इसके बाद जमकर पथराव किया। इस हमले में उपनिरीक्षक विनोद सिंह, गजेन्द्र पांडेय, सिपाही प्रभाकर गुप्ता, अमित कुमार, रोशन कुमार, अवधवीर को चोटें आई। इसकी सूचना तत्काल एसएचओ पंकज कुमार सिंह को दी गई। वह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायलों को तत्काल शिवपुर पीएचसी लाया गया।
मामले में उपनिरीक्षक विनोद सिंह की तहरीर पर मौलवी रमजान अली, नकछेद, शोयेब, मोहम्मद दीन, वारिश अली, शरीफ, फारूख, पप्पू, शहाबुद्दीन को नामजद किया गया है। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन, हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, पथराव, बलवा व अपेडमिक एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, बौण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम डिहवाकला में शुक्रवार को ग्रामीणों ने बौण्डी पुलिस को गांव की मस्जिद में नमाजियों की ओर से नमाज पढ़ने की सूचना दी। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मस्जिद में इकट्ठा होकर नमाज पढ़ने से मना किया। जिससे नमाजियों ने सिपाही पर हमला बोल दिया। हमले की जानकारी पाकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई, और सभी 23 नमाजियों को हिरासत में ले लिया।