लॉकडाउन: सड़क पर घूमने के लिए बना नकली डॉक्टर, तो पुलिस ने जनाब का किया ये हाल

दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। भारत में भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूरे देश में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की गई है। लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। लेकिन कुछ लोग हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सख्त आदेशों के बाद भी घरों से बाहर निकाल रहे हैं। किसी ना किसी बहाने से बाहर घूम रहे हैं। साथ ही कोरोना के संक्रमण को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसी ही कुछ मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा से आया है।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा में एक शख्स ने घर से बाहर निकलने के लिए एक ऐसी तरकीब अपनाई कि सब हैरान रह गए। चूंकि डॉक्टर इलाज के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकते हैं, इसलिए ये शख्स नकली डॉक्टर बन गया। इसने मास्क पहनी, डॉक्टरों की सफेद ड्रेस का इंतजाम किया और उसे पहनकर नोएडा में बेखौफ घूमने लगा। सड़क पर तफरीह के दौरान थोड़ी ही देर में इस शख्स का सामना पुलिस से हुआ। पुलिस ने जब इससे बाहर निकलने की वजह पूछी तो इसने खुद को डॉक्टर बताया। लेकिन पुलिसवालों की पारखी नजर से इस शख्स का झूठ तुरंत पकड़ा गया। पुलिस ने जब कुछ और सवाल पूछे तो वह घबराने लगा। थोड़ी ही सख्ती में इसने सारी सच्चाई बता दी। शख्स ने कहा कि उसने घूमने के लिए डॉक्टर की वर्दी पहन रखा था। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
बता दें कि लॉकडाउन में पुलिस को चकमा देने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में चार लोगों ने घर तक जाने के लिए अनोखी तरकीब निकाली। इसमें से एक शख्स मरने का नाटक कर एंबुलेंस में डेड बॉडी बन गया और तीन साथी उसे लेकर घर जाने लगे। लेकिन यहां भी पुलिस की पूछताछ के दौरान ये चारों लोग पकड़े गए।