वर्षों का सपना आज हुआ पूरा, अयोध्या में PM मोदी ने रखी राम मंदिर की आधारशिला

राम नगरी अयोध्या में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम जन्मभूमि मंदिर का भूमिपूजन किया। करीब 500 साल से जिन लम्हों का इंतजार था, वो लम्हा आज अवधनगरी में फलीभूत हो गया। करोड़ों राम भक्तों का सपना आज साकार हो गया है। बेहद शुभ मुहूर्त में राम मंदिर का भूमि पूजन संपन्न हुआ। साथ ही मंदिर निर्माण का शुभारंभ हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर की नींव में नौ शिलाएं रखीं। भूमि पूजन का शुभ मुहूर्त 12 बजकर 44 मिनट पर था, लेकिन उससे पहले पूरे विधि विधान से इस महाआयोजन की शुरूआत हुई। 12 बजकर 7 मिनट पर पीएम मोदी भूमि पूजन के लिए पहुंचे। दो मिनट के अंदर ही भूमि पूजन की शुरूआत हुई।
#WATCH: #RamTemple 'Bhoomi Pujan' concludes at #Ayodhya.
Soil from more than 2000 pilgrimage sites and water from more than 100 rivers was brought for the rituals. pic.twitter.com/DRpoZEKYWw— ANI (@ANI) August 5, 2020
बता दें कि यजमान के रूप में प्रधानमंत्री मोदी भूमि पूजन स्थल पर एक ओर बैठ चुके थे। प्रकांड विद्वानों ने मंत्रोच्चार शुरू किया। भूमिपूजन के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत मौजूद थे। सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन भी पूजा में शामिल थीं। भूमि पूजन में बैठे पीएम मोदी पूरी तरह से लीन हो कर मंत्रोच्चार दोहराते हुए अराधना में डूबे थे।
सभी देवी देवताओं से राम मंदिर निर्माण का आग्रह हो रहा था। अराध्य देवताओं का स्मरण किया जा रहा था। शुभ मुहूर्त पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधारशिला रखी। जिस जगह पर रामलला विराजमान थे, वहीं पर 9 शिलाएं रखी गई थीं, जिसे सफेद कपड़े से ढंका गया था।