सुशांत केस में गर्लफेंड रिया चक्रवर्ती की बढ़ी मुश्किलें, ED ने समन जारी कर शुक्रवार को पेश होने को कहा

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में कई सनसनीखेस खुलासे हो रहे हैं। जिसके बाद सुशांत की गर्लफेंड रिया की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया को समन जारी किया है। रिया को शुक्रवार को ईडी के सामने पेश होना होगा। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में रिया चक्रवर्ती पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। सुशांत के पिता द्वारा बिहार पुलिस को दी गई FIR में उन्होंने रिया पर आरोप लगाए थे कि रिया की नजर सुशांत के पैसे पर थी और उसके अकाउंट से करोड़ों का हेर-फेर किया गया था।
सुशांत सिंह राजपूत के साथ रिलेशनशिप में रहीं रिया चक्रवर्ती पर और भी कई गंभीर आरोप लगे हैं। सुशांत के पिता द्वारा FIR दर्ज कराने के बाद अब तक मामले की जांच बिहार पुलिस कर रही थी। लेकिन अब यह केस CBI को ट्रांसफर कर दिया गया है। ऐसे में अब बिहार पुलिस इस तस्वीर से पूरी तरह बाहर हो चुकी है। रिया चक्रवर्ती ने बिहार पुलिस को मामले की जांच दिए जाने का विरोध किया था और कहा था कि मुंबई पुलिस को ही इस मामले की जांच करनी चाहिए।
हालांकि, जांच सीबीआई के हाथ में जाने के बाद रिया के वकील ने इसका समर्थन किया है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। इस सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि सीबीआई जांच की बिहार सरकार की सिफारिश को केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट जस्टिस ऋषिकेश रॉय ने कहा कि अब तक मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत केस में अप्राकृतिक मौत का केस रजिस्टर किया है। पटना में हुई एफआईआर के चलते भी कुछ मुद्दे उठे हैं।