Dream-11 बना IPL 2020 का टाइटल स्पॉन्सर, इतने करोड़ रुपये में मिले राइट्स

आईपीएल 2020 के लिए नए टाइटल स्पॉन्सर का ऐलान हो गया है। VIVO को सीजन 13 से हटाए जाने के बाद Dream 11 को इस साल IPL की टाइटल स्पॉन्सरशिप मिली है। IPL के चेयरमैन बृजेश पटेल का कहना है कि Dream 11 ने 222 करोड़ रुपये में IPL 2020 सीजन के लिए स्पॉन्सरशिप राइट्स खरीदे हैं।
आपको बता दें कि यह बोली VIVO के सालाना 440 करोड़ रुपये से 218 करोड़ रुपये कम है। ड्रीम 11 ने चीनी कंपनी VIVO की जगह लगभग साढ़े चार महीने के लिए टाइटल प्रायोजन का अधिकार हासिल किया। टाइटल प्रायोजन अधिकार की होड़ में टाटा समूह भी शामिल था। आईपीएल का आयोजन 19 सितंबर से 10 नवंबर तक इस साल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जाएगा।
Dream11 wins IPL 2020 title sponsorship for Rs 222 crores: IPL Chairman Brijesh Patel
— ANI (@ANI) August 18, 2020
ड्रीम 11 पहले से ही पिछले कुछ वर्षों से आईपीएल के प्रायोजन से जुड़ा है। यह पता चला कि टाटा समूह ने अंतिम बोली नहीं लगाई, जबकि दो शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनियां बायजूस (201 करोड़) और अनएकेडमी (170 करोड़) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बता दें कि इससे पहले भारत और चीन के बीच बढ़ते विवाद के कारण BCCI ने इस सीजन के लिए वीवो की छुट्टी कर दी थी। वीवो ने 2018 से 2022 तक पांच साल के लिए 2190 करोड़ रुपये में (प्रत्येक वर्ष 440 करोड़ रुपए) आईपीएल टाइटल प्रायोजन अधिकार हासिल किए थे। अगले साल वीवो मुख्य प्रायोजक के रूप में लौट सकता है।
IPL 2020 का कार्यक्रम
बता दें कि IPL 2020 का कार्यक्रम 19 सितंबर से शुरू होकर 53 दिनों तक चलेगा। IPL फाइनल 10 नवंबर को कराया जाएगा, जिससे प्रसारकों को दिवाली के हफ्ते का फायदा मिलेगा। बीसीसीआई के मुताबिक, इस बार IPL के 10 डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार शाम के मुकाबले 7:30 बजे से खेले जाएंगे। जो कि पहले रात 8 बजे था।