MP: असली किन्नरों ने नकली किन्नर के साथ किया हैरान कर देने वाला सलूक

मध्य प्रदेश के शुजालपुर रेलवे स्टेशन पर चार-पांच किन्नर पहुंचे और यहां उन्होंने ट्रेनों में वसूली कर रहे जया नाम के नकली किन्नर को पकड़कर पीटा और नग्न कर उसका जुलूस निकाला। वहीं, मंडी क्षेत्र के प्रमुख बाजार एमजी रोड पर भीड़ इकट्ठा होने से जाम लग गया। पुलिस के पहुंचने के बाद यातायात बहाल हुआ। इस घटना के समय शहर में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। लोग अपनी जगहों से इस घटनाक्रम को देख रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, किन्नर मुस्कान, सुमन, निशा, छाया एवं मालती ने जया (नाम के व्यक्ति, जो नकली किन्नर बनकर रेलगाड़ियों में वसूली करता था) को पकड़ लिया और इसके बाद उसके साथ मारपीट कर नग्न अवस्था में उसका जुलूस निकाला। नकली किन्नर को मंडी स्थित टेम्पो चौराहे से एमजी मार्ग होते हुए दुर्गा मंदिर तक ले गए।
हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। यहां पुलिस ने जया की शिकायत पर किन्नारों पर धारा 151 में कार्रवाई कर सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। बताया जाता है कि इस जुलूस के कारण टेम्पो चौराहे से दुर्गा दरबार मंदिर तक पीछे भीड़ नजारा देखने के लिए चल रही थी। इसके चलते यातायात बाधित होने से वाहन चालक और राहगीर परेशान हो रहे थे। पुलिस के पहुंचने तक करीब एक घंटे तक प्रमुख मार्ग पर हंगामा चलता रहा।